साहित्यिक संगोष्ठी
01 August 2026
MKS College चंदौना में मुंशी प्रेमचंद की 146वीं जयंती पर वेब संगोष्ठी आयोजित
मिल्लत कॉलेज, एमकेएस कॉलेज चंदौना एवं आरडीएम अलीनगर के आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में मुंशी प्रेमचंद की 146वीं जयंती पर वेब संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
दरभंगा। मिल्लत कॉलेज, एमकेएस कॉलेज चंदौना एवं आरडीएम अलीनगर के आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में मुंशी प्रेमचंद की 146वीं जयंती पर वेब संगोष्ठी का आयोजन प्राचार्य डॉ. सिद्धार्थ शंकर सिंह की अध्यक्षता में किया गया।
उन्होंने कहा कि प्रेमचंद हिंदी के बड़े साहित्यकार हैं। उनकी प्रासंगिकता अनवरत बनी रहेगी। एमकेएस कॉलेज चंदौना की उप प्राचार्या डॉ. ममता पाण्डेय ने कहा कि प्रेमचंद केवल एक लेखक नहीं थे, बल्कि वे समाज की अंतरात्मा की आवाज थे।
मुख्य वक्ता प्रो. जितेन्द्र कुमार ने कहा कि प्रेमचंद के साहित्य में सामाजिक समकालीनता के साथ-साथ दूरदर्शिता भी दिखाई देती है। समाज के हर वर्ग का प्रतिनिधित्व प्रेमचंद के साहित्य में दिखाई देता है।
मिल्लत कॉलेज के हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. मुन्ना साह ने कहा कि प्रेमचंद भाषा के स्तर पर बिल्कुल सहज नजर आते हैं। उर्दू विभाग के वरीय सहायक प्राध्यापक डॉ. शाहनवाज आलम ने कहा कि प्रेमचंद का साहित्यिक जीवन हमें सिखाता है कि साहित्य समाज में जागरूकता और परिवर्तन लाने का सशक्त साधन है।
कार्यक्रम का संचालन मिल्लत कॉलेज के आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. वीरेंद्र कुमार मिश्रा व धन्यवाद ज्ञापन आरडीएम अलीनगर के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. दस्तगीर आलम ने किया।
कार्यक्रम में डॉ. सियाराम प्रसाद, डॉ. सुनीता झा, डॉ. सोनी शर्मा, डॉ. कीर्ति चौरासिया, डॉ. अब्दुर रफे, डॉ. सुभाष कुमार, डॉ. अमृता प्रियदर्शिनी, डॉ. निशा कुमारी, डॉ. विजय शंकर पंडित आदि उपस्थित थे।